नयी दिल्ली, 17 नवंबर :भाषा:
पूरे चार दिन तक चलने वाले सूर्य उपासना के महान पर्व ‘छठ’ की आज नहाय खाय के साथ शुरूआत होने पर आज लाखों की संख्या में छठव्रतियांे ने अपने अपने घरों के पास के बाजारों में जमकर खरीदारी की जिसके चलते दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के बाजारों में जबर्दस्त गहमा गहमी देखी गयी ।
पूरे देश और विदेश में फैले करोडों की संख्या में सूर्य उपासना के इस अनूठे पर्व को हालांकि छठव्रती अपने परिवार की सुख समृद्धि तथा कल्याण की कामना के साथ बडे ही सात्विक भाव से मनाते हैं लेकिन साथ साथ इस पर्व के बहाने बाजार को गुलजार होने का मौका मिल जाता है। इस चार दिवसीय महापर्व की शुरूआत आज 17 नवंबर को नहाय खाय के साथ हो गयी तथा आगामी 20 नवंबर को उगते हुए सूर्य के अघ्र्य के साथ इस पर्व का समापन हो जाएगा।
हालांकि इस पर्व को तो पूरे देश और विदेशों में बसे भारतीयों द्वारा मनाया जाता है लेकिन बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह पर्व तो विशेष तौर पर मनाया जाता है। दिल्ली में भी इस पर्व को पिछले कई सालों से पूरी र्शद्धा से मनाया जाने लगा है, नतीजतन दिल्ली के बाजारों में भी ‘‘छठ’’ पर्व की रौनक नजर आने लगी है।
‘‘छठ’’ में उपयोग की जाने वाली पूजा सामग्री में बांस की बनी सूप, दौरा, ईख, ‘कोसी’ की सामग्री जिसमें मिट्टी के बर्तन, दीए, मिट्टी के हाथी शामिल होते हैं, इनका विशेष महत्व होता है। प्रसाद के रूप में ठेकुआ, कई तरह के फल, अडवी, सूथनी, अदरक सहित अन्य सामग्री चढाया जाता है।
छठ मनाने के लिये दीवाली के बाद से ही बाजारों में रौनक बढ जाती है लेकिन अब दिल्ली में लाखों की संख्या में लोगों द्वारा इस पर्व को मनाये जाने के चलते यहां के भी बाजारों में ये सामग्रियां प्रचुर मात्रा में मिलने लगी हैं हालांकि आज से कुछ वर्षों पहले छठ की सामग्री दिल्ली के दक्षिणी, पश्चिमी क्षेत्रों मुश्किल से नजर आती थीं लेकिन अब वही लोगों को आसानी से उपलब्ध हो जा रही हैं।
दिल्ली के पुष्प समिति ओखला मंडी में दुकानदार मोहम्मद इकबाल कुछ सालों से मंडी में ‘‘छठ पूजा’’ की सामग्री बेचते हैं। मूलत: लखनउ के निवासी मोहम्मद इकबाल कहते हैं, ‘‘पहले तो यहां दिल्ली में बहुत कम लोग ‘‘छठ पूजा’’ किया करते थे, ज्यादातर लोग तो अपने राज्य जाना ही पसंद करते थे लेकिन अब यहां भी छठ पूजा करने वालों की संख्या बढ रही है। हालांकि मैं यहां कई सालों से छठ पूजा की सामग्री बेचता हूं और अब धीरे धीरे लोगों की संख्या बढने पर बाजार को भी फायदा हो रहा है। आज से यहां छठ पूजा के लिए बाजार भी शुरू हो गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली के हर इलाके से लोग यहां पूजा की सामग्री खरीदने आते हैं। यहां आपको पूजा के लिए जरूरी फल, सूप, दौरा, लड्डू पेडा बताशा समेत अन्य मिठाइयां भी आसानी से मिल जाएगी।
बेशक महंगाई का असर हर सामान पर पडा है तब भी र्शद्धालु पूरे जोश खरोश और र्शद्धा के साथ इन सामग्रियों को खरीद कर सूर्य उपासना कर रहे हैं । मंहगाई का आलम यह है कि थोक मंडियों में सेब 60 से 110 रुपए के बीच में, संतरा 42 रुपए, अनार 100 रुपए, नारियल दस से 12 रुपए, सूप 30 से 50 रुपए, दौरा 50 से 150 रुपए, अदरक पांच रुपए में एक मिल रहे हैं। इन सामग्रियों को खुदरा खरीदने पर तो छठव्रतियों को और अधिक पैसे खर्च करने पड रहे हैं लेकिन इसके बावजूद किसी भी र्शद्धालु की र्शद्धा में कोई कमी नहीं देखी जा रही है ।
इसी तरह पूर्वी उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में भी छठ पूजा की सामग्री के लिए विशेष तौर पर बाजार लगाया जाता है। वजीराबाद इलाके के पास यमुना नदी है इसलिए यहां बडी संख्या में छठव्रती पूजा करने आते हैं।
वजीराबाद के समीप के इलाके में रहने वाली मूलत: बिहार के खगडिया की निवासी अभिलाषा देवी बताती हैं, ‘‘मैं दिल्ली में वैसे तो कई सालों से रह रही हूं लेकिन अब मै पिछले तीन सालों से छठ पूजा कर रही हूं। पहले मैं बिहार में ही इस पर्व को मनाती थी । अब मुझे यहां वजीराबाद के बाजार में पूजा के लिए हर चीज आसानी से मिल जाती है।’’ कई बाजारों में जैसे कि कालकाजी के पास के इलाकों के बाजारों में तो छठ पूजा के लिए फल, पूजा की सामग्री इत्यादि को दौरा में ही पैक करके बेचा जा रहा है। र्शद्धालुओं को अब इससे सुविधा हो गई और उन्हें पूजा की हर सामग्री को अलग अलग खरीदना नहीं पड रहा।
कालकाजी बाजार के एक दुकानदार ने बताया कि लोगों में इतनी अपार र्शद्धा है कि लोग इस पैक को हाथों हाथ ले रहे हैं। इस तरह के पैक आमतौर पर 1000 रुपए से लेकर 2000 रुपए के बीच मिल रहे हैं।



